हिंदू कौन कहलाता है? जानिए कर्मकांड से लेकर मोक्ष का मार्ग

हिंदू कौन कहलाता है? जानिए कर्मकांड से लेकर मोक्ष का मार्ग

श्रेणी : अन्य | लेखक : स्वामी वेदतत्त्वानंद पुरी | दिनांक : 05 February 2026 19:31

हिंदू धर्म को अक्सर उसकी असंख्य परंपराओं, ग्रंथों, देवताओं और प्रतीकों की विविधता के कारण जटिल माना जाता है. वेद, उपनिषद, दर्शन, तीर्थ, पर्व, अवतार और संस्कार. इन सबका विस्तार इतना विशाल है कि कई बार मूल प्रश्न ही धुंधला हो जाता है कि हिंदू धर्म वास्तव में है क्या.

क्या हिंदू धर्म केवल एक भूभाग से जुड़ा हुआ है, या यह जीवन जीने की एक आध्यात्मिक पद्धति है? क्या मंदिर, तीर्थ और परंपराएँ ही धर्म हैं, या इनके पीछे कोई गहरा उद्देश्य छिपा है? इस लेख में हिंदू धर्म की विविधता के पीछे छिपे एकमात्र मूल सिद्धांत यानी मोक्ष को सरल और क्रमबद्ध रूप में समझने का प्रयास किया गया है. आइए विस्तार जानते हैं

हिंदू धर्म में ग्रंथों, परंपराओं और प्रतीकों की इतनी विविधता क्यों है?

हिंदू धर्म के अंतर्गत ग्रंथों में अठारह विद्यास्थान, छः प्रमुख दर्शन, चार पुरुषार्थ, चार प्रकार के मोक्ष, स्वर्ग और नरक की अवधारणा, चार धाम, सात पुरी, द्वादश ज्योतिर्लिंग, चार स्थानों पर लगने वाले कुंभ मेले, इक्यावन शक्ति पीठ, पवित्र नदियाँ, तीर्थ, पर्वत, पावन स्थल, तथा अनेक अवतारों का विस्तृत वर्णन मिलता है. इसके अतिरिक्त असंख्य ऋषि, मुनि, देव, देवता, आचार्य, संत, महात्मा और महापुरुष इस परंपरा में हुए हैं. हिंदू धर्म में विषयों की संख्या और उनका विस्तार अत्यंत विशाल है. तथापि, इन सभी विविधताओं और विस्तारों का एक ही मूल सार है. जीव को बंधन से मुक्त होने की दिशा में अग्रसर करना.


आइए संक्षेप में विचार करें कि हिंदू कौन है-

  • जो वेदों को सत्य मानता है.
  • जो जगत की सृष्टि, पालन और संहार करने वाले एक ही परमेश्वर को स्वीकार करता है और उसकी उपासना करता है.
  • जो यह मानता है कि जीव का मूल स्वभाव दिव्य है.
  • जो यह स्वीकार करता है कि माया के कारण जीव संसार के बंधन में फंसा हुआ है.
  •  जो गुरु के उपदेश द्वारा स्वयं और ईश्वर के तत्त्व को जानकर मुक्ति प्राप्त होती है-ऐसा मानते हुए, मुक्ति के लिए साधना करता है वही हिंदू है.

इसी के साथ आइए अब जानते हैं कि हिंदू भूमि कौन-सी है? जो व्यक्ति इन तत्त्वों को जानकर उनके अनुसार जीवन जीता है, वह विश्व में कहीं भी क्यों न हो वही भूमि उसके लिए हिंदू भूमि है.

इन सभी विविध परंपराओं और विषयों का मूल उद्देश्य क्या है?

यदि कोई व्यक्ति इन सिद्धांतों का आचरण किए बिना केवल आसेतु-हिमाचल की भूमि पर निवास करता है, तो मात्र उस भूमि पर रहने से वह भूमि स्वतः हिंदू भूमि नहीं बन जाती. जैसे यदि किसी भूमि का स्वामित्व किसी मुसलमान के पास है, तो सामान्यतः उसे मुसलमान की भूमि कहा जाता है. वही भूमि यदि किसी हिंदू द्वारा खरीदी जाती है, तो आगे चलकर उसे हिंदू की भूमि कहा जाता है. इससे यह स्पष्ट होता है कि भूमि का कोई स्वतंत्र धर्म नहीं होता, बल्कि भूस्वामी का धर्म ही भूमि की पहचान बन जाता है. जितने अधिक हिंदू होंगे, उतनी ही अधिक भूमि हिंदू कहलाएगी.

पाकिस्तान, बांग्लादेश और कश्मीर हिंदू भूमि क्यों नहीं माने जाते?

यही कारण है कि आसेतु-हिमाचल की भौगोलिक सीमा में होने के बावजूद पाकिस्तान और बांग्लादेश आज हिंदू भूमि या हिंदू राष्ट्र नहीं माने जाते. इसी प्रकार कश्मीर जैसे क्षेत्र, जो कभी हिंदू राज्य रहे, आज उस स्वरूप में नहीं हैं. हिंदू धर्म का वास्तविक अर्थ केवल किसी भूभाग से जुड़ा होना नहीं है, बल्कि उसका अर्थ है- 'सत्य, सनातन तत्त्व पर आधारित, मुक्ति की ओर ले जाने वाला जीवन हैो'.

हिंदू धर्म का वास्तविक अर्थ क्या है?

जिस भूमि पर व्यक्ति को स्वीकार्यता मिलती है, वही उसकी मातृभूमि बन जाती है, क्योंकि वही उसका हृदय होता है. अतः जितना अधिक इस सिद्धांत को स्वीकार किया जाएगा और जितना अधिक उसका आचरण किया जाएगा, उतना ही अधिक वह भूमि हिंदू बनती जाएगी. यदि कोई मुसलमान हिंदू धर्म को स्वीकार करता है, तो उसकी भूमि स्वतः हिंदू हो जाती है, इसके लिए किसी अतिरिक्त अनुष्ठान या औपचारिक प्रक्रिया की आवश्यकता नहीं होती

मातृभूमि वास्तव में क्या होती है?

किसी एक ही विषय को भिन्न-भिन्न तरीकों से प्रस्तुत किया जा सकता है. परंतु जब उस विषय को एक निश्चित और सुव्यवस्थित अनुक्रम में रखा जाता है, तो उसे दूसरों को समझाते समय स्पष्टता और सरलता दोनों प्राप्त होती हैं. इसलिए किसी भी गंभीर विषय को प्रस्तुत करते समय एक विशिष्ट क्रम का पालन करना आवश्यक होता है. यही कारण है कि हिंदू धर्म जैसे व्यापक और गहन विषय को भी यदि एक निश्चित क्रम में समझाया जाए, तो हिंदुओं के बीच यह भ्रम दूर हो सकता है कि हिंदू धर्म वास्तव में है क्या.

एक शब्द में जानें हिंदू धर्म का मतलब

इस संसार का कोई भी प्राणी हिंदू धर्म को एक शब्द में समझना और जानना चाहे तो वह शब्द है-मोक्ष

1. संक्षेप में कहा जाए तो मोक्ष और उसे प्राप्त करने की साधना ही हिंदू धर्म है, वही सनातन धर्म है.

2. हिंदू वही है जो मोक्ष के लिए जीवन जीता है. जो मोक्ष की इच्छा रखता है, मुमुक्षु वही वास्तव में हिंदू है.

3. अतः यह कहा जा सकता है कि मोक्ष तथा उसकी साधना हिंदू धर्म है और मुमुक्षु ही हिंदू है.

इन पांच शब्दों से समझें हिंदू धर्म का मतलब

यदि हिंदू धर्म को पाँच शब्दों में व्यक्त करना हो, तो वे इस प्रकार होंगे- वेद, जगदीश, जीव, बंधन और मोक्ष. हिंदू धर्म इन्हीं पांच मूल सिद्धांतों पर आधारित है.


चार पुरुषार्थों में मोक्ष को सर्वोच्च क्यों माना गया है?

परंपरागत रूप से हिंदू धर्म को पुरुषार्थ के रूप में प्रस्तुत किया जाता है. ये पुरुषार्थ चार हैं धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष. इन चारों में मोक्ष को सर्वोच्च स्थान प्राप्त है, क्योंकि वही जीवन का अंतिम और परम उद्देश्य है.

एक वाक्य में हिंदू धर्म का सार क्या है?

यदि एक ही वाक्य में हिंदू धर्म को संक्षेप में समझाना हो, तो वह इस प्रकार कहा जा सकता है. ईश्वर की माया के प्रभाव से भवचक्र में फंसा हुआ जीव, गुरु से प्राप्त वेदों के ज्ञान के आधार पर, अपने दिव्य स्वरूप को पहचानकर तथा ईश्वर को तत्त्वतः जानकर, ईश्वर की कृपा से जन्म-मृत्यु के बंधन से मुक्त हो जाता है. यही हिंदू धर्म है, यही सनातन धर्म है. (कर्मजं बुद्धियुक्ता हि फलं त्यक्त्वा मनीषिणः. जन्मबन्धविनिर्मुक्ताः पदं गच्छन्त्यनामयम्॥ गीता 2.51).


हिंदू धर्म स्वीकार करने की मूल शपथ क्या है?

यदि कोई व्यक्ति हिंदू धर्म को स्वीकार करना चाहता है, तो उसे निम्नलिखित शपथ लेनी चाहिए...

1. (वेदं शरणं गच्छामि) अर्थात मैं वेदों की शरण में जाता हूँ.

2. (जगदीशं शरणं गच्छामि) अर्थात मैं जगत के स्वामी ईश्वर की शरण में जाता हूँ.

3. (जीवस्वरूपं दिव्यमिति स्वीकारोमि) अर्थात मैं जीव के दिव्य स्वरूप को स्वीकार करता हूँ.

4. (भवबन्धात्मोक्षाय यथासाध्यं यतिष्ये) अर्थात मैं भवबंधन से मुक्ति के लिए यथासंभव प्रयास करूँगा.

5. (धर्मस्य प्रचारेण जीवहिताय यथासाध्यं यतिष्ये) अर्थात मैं धर्म के प्रचार द्वारा जीवों के कल्याण हेतु यथाशक्ति प्रयास करूँगा.

क्या संस्कार, पूजा, तीर्थ और परंपराएँ गौण हैं?

इसके साथ-साथ शास्त्र, वेद, कर्मफल-सिद्धांत, संस्कार, विवाह, पैतृक संपत्ति, श्राद्ध, पूजा-पाठ, तीर्थाटन, उत्सव-त्योहार, भाषा, वस्त्र, केश-विन्यास, भूषण, स्नान-पान, शयन-निद्रा, वास्तुशास्त्र, युद्ध, गीत-संगीत आदि अनेक विषय भी धर्म के अंतर्गत आते हैं. इन सभी विषयों का उद्देश्य यही है कि उन्हें धर्म के लिए अथवा धर्म की दिशा में किस प्रकार उपयोग में लाया जाए, यह स्पष्ट किया जा सके. प्रत्येक विषय का अपना-अपना स्थान और महत्त्व है.

इन सब व्यवस्थाओं का वास्तविक उपयोग तभी सार्थक होता है, जब इन्हें मुक्ति की दिशा में आगे बढ़ने के साधन के रूप में अपनाया जाए. किंतु एक लघु निबंध में इन सभी विषयों का विस्तृत वर्णन अपेक्षित भी नहीं है और न ही आवश्यक.

मुख्य और गौण का अंतर न समझने से क्या समस्या होती है?

वास्तव में मुख्य प्रयोजन, उद्देश्य और फल के लिए जो व्यवस्थाएँ बनाई जाती हैं, वे सहायक होती हैं और इस कारण से गौण कहलाती हैं. जब मुख्य प्रयोजन की आवश्यकता ही समाप्त हो जाती है, तब सहायक व्यवस्थाएँ स्वतः ही अप्रासंगिक हो जाती हैं. अर्थात् प्रयोजन ही मुख्य होता है और व्यवस्था गौण होती है. प्रयोजन के बिना किसी भी प्रकार की व्यवस्था को खड़ा करने वाला कोई नहीं होता.

उदाहरण के रूप में पढ़ाई मुख्य प्रयोजन, लक्ष्य और फल है. इसी कारण विद्यालय, शिक्षक, पुस्तकें, यातायात जैसी व्यवस्थाएँ अस्तित्व में आती हैं. ये सब सहायक व्यवस्थाएँ हैं. यदि किसी व्यक्ति को पढ़ाई का कोई अन्य विकल्प मिल जाए, या उसकी पढ़ाई पूर्ण हो जाए, अथवा वह पढ़ाई ही छोड़ दे, तो विद्यालय, शिक्षक और पुस्तक जैसी व्यवस्थाओं का उसके लिए कोई महत्त्व नहीं रह जाता. इसलिए यह स्पष्ट है कि मुख्य महत्व प्रयोजन का ही होता है और उसे ही सर्वोपरि रखना चाहिए.


यदि मुख्य प्रयोजन पर ध्यान न देकर केवल सहायक व्यवस्थाओं के पीछे दौड़ा जाए, तो वह व्यवहार अंततः मूर्खता सिद्ध होता है. धर्म-रक्षा के विषय में विचार करते समय इस तथ्य पर विशेष ध्यान देना अत्यंत आवश्यक हो जाता है.

वर्तमान स्थिति यह है कि अधिकांश संगठन धर्म-रक्षा के नाम पर न तो मुख्य विषय को जानते हैं, न उसका अध्ययन करते हैं, न उसे अपने जीवन में उतारते हैं और न ही दूसरों को उसका बोध कराते हैं. इसके विपरीत, वे पूरी शक्ति केवल गौण व्यवस्थाओं को बनाए रखने और सुरक्षित रखने में लगा देते हैं. गौण को प्राथमिकता देना और मुख्य प्रयोजन के प्रति अज्ञान या उपेक्षा रखना यही वास्तविक असंतुलन और विचारहीनता है.

जिस प्रकार यह कहना हास्यास्पद लगेगा कि विद्यालय, शिक्षक और पुस्तकें तो अत्यंत उत्तम हैं, परंतु “पढ़ाई क्या होती है”, यह किसी को ज्ञात नहीं, ठीक उसी प्रकार धर्म के क्षेत्र में भी यही स्थिति बन गई है. मंदिर, वेद, शास्त्र, संस्कृत, तिलक, तीर्थ इन सबको बचाने की बात की जाती है, पर प्रश्न यह है कि किस उद्देश्य के लिए? इसका स्पष्ट उत्तर अधिकांशतः किसी के पास नहीं है. यही हमारे सामने खड़ी सबसे बड़ी समस्या है.

अंत में, जगत के स्वामी से यही प्रार्थना है कि वे प्रत्येक जीव का परम कल्याण करें-...

(दुर्जनः सज्जनो भूयात्, सज्जनः शान्तिमाप्नुयात्) अर्थात- दुर्जन सज्जन बनें, सज्जन शांति को प्राप्त करें.

शान्तो मुच्येत बन्धेभ्यो, मुक्तश्चान्यान्विमोचयेत्॥ अर्थात- शांत व्यक्ति बंधनों से मुक्त हो और मुक्त होकर दूसरों को भी मुक्ति का मार्ग दिखाए.