श्रेणी : अन्य | लेखक : स्वामी वेदतत्त्वानंद पुरी | दिनांक : 05 February 2026 18:25
हिंदू और सनातन धर्म- ये दो शब्द आज के समय में अक्सर एक-दूसरे के स्थान पर इस्तेमाल किए जाते हैं, लेकिन क्या वास्तव में इनका अर्थ एक ही है? या फिर इनके पीछे इतिहास, परंपरा और दर्शन की अलग-अलग परतें छिपी हैं? यही सवाल आज के समय में हर उस व्यक्ति के मन में उठता है, जो अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को समझना चाहता है.
कहीं इसे नाम का फर्क माना जाता है, तो कहीं विचारधारा का. इस व्लॉग में हम इन्हीं सवालों के जवाब बेहद सरल भाषा और कम शब्दों में समझने की कोशिश करेंगे, साथ ही वेदों और शास्त्रों के कुछ संदर्भों के माध्यम से इस विषय को गहराई से जानेंगे.
आध्यात्मिक नियम क्या हैं और आत्मा के वास्तविक स्वरूप को कैसे समझा जाए?
आध्यात्मिक जगत भी नियमों से संचालित है, ठीक वैसे ही जैसे भौतिक संसार. फर्क सिर्फ इतना है कि भौतिक नियम हमें प्रत्यक्ष रूप से दिखाई देते हैं, जबकि आध्यात्मिक नियम अनुभव और बोध से समझ में आते हैं. संसार में उपस्थित हर वस्तु चाहे वह जड़ हो या चेतन कुछ निश्चित नियमों के अंतर्गत ही रची गई है. पानी का ठंडा होना और नीचे की ओर बहना, आग का उष्ण होना और ऊपर की ओर जलना, या गुरुत्वाकर्षण के कारण ऊपर फेंकी गई वस्तु का नीचे आना ये सभी भौतिक जगत के नियम हैं. इन नियमों को जानकर और मानकर जीवन जीना ही बुद्धिमत्ता है, जिसे मनुष्य ही नहीं बल्कि पशु, पक्षी और वनस्पतियां भी अपने स्तर पर समझती और अपनाती हैं.
जिस प्रकार भौतिक जगत के नियम हैं, उसी प्रकार चेतन या जीव जगत के भी नियम होते हैं. इन्हें आध्यात्मिक या आत्मविषयक नियम कहा जाता है. इन नियमों को जानकर, स्वीकार कर और उनके अनुसार जीवन जीना ही सत्य के आधार पर धार्मिक जीवन कहलाता है. सवाल यह है कि ये आध्यात्मिक नियम आखिर हैं क्या और इनके अनुसार जीवन कैसे जिया जाए?
प्रत्येक जीव का वास्तविक स्वरूप क्या है?
प्रत्येक जीव का वास्तविक स्वरूप दिव्य है, जीव केवल शरीर नहीं है, बल्कि चेतन सत्ता है जिसका अर्थ होता है समझने और जानने की क्षमता. पत्थर के पास से कोई गुजरे तो उसे कोई बोध नहीं होता, लेकिन वही स्थिति किसी वनस्पति के साथ हो तो उसे आसपास की गतिविधियों का आभास होता है यानी एहसास होता है. जैसे की शास्त्रों में कहा गया है कि आत्मा चित्-स्वरूप है, ज्ञान-स्वरूप है. यही चेतना जीव को जड़ पदार्थों से अलग करती है.
क्या आत्मा का अस्तित्व कभी समाप्त होता है?
आत्मा का अस्तित्व कभी समाप्त नहीं होता. यह साबुन या प्याज की तरह नहीं है, जो उपयोग या छीलने के बाद खत्म हो जाए. ऐसा नहीं है कि जन्म से पहले आत्मा का कोई अस्तित्व नहीं था या मृत्यु के बाद वह नष्ट हो जाएगी. आत्मा सदा विद्यमान रहती है. जन्म से पहले भी और मृत्यु के बाद भी. इसी कारण शास्त्र आत्मा को सत्-स्वरूप और अविनाशी कहा गया है.
हर जीव सुख और आनंद क्यों चाहता है?
कोई भी जीव कभी दुःखी होना नहीं चाहता. हर प्राणी स्वभाव से सुखी, आनंदित और प्रसन्न रहना चाहता है क्योंकि आत्मा का मूल स्वभाव ही आनंद का स्वरूप है. यही कारण है कि दुःख आत्मा का स्वाभाविक गुण नहीं, बल्कि परिस्थितियों और कर्मों का परिणाम होता है.
क्या आत्मा पर किसी तत्व का प्रभाव पड़ता है?
गीता स्पष्ट करती है कि आत्मा को न शस्त्र काट सकते हैं, न अग्नि जला सकती है, न जल भिगो सकता है और न वायु सुखा सकती है. आत्मा में कभी कोई परिवर्तन नहीं होता. न उसका जन्म होता है और न मृत्यु. अच्छेद्योऽयमदाह्योऽयमक्लेद्योऽशोष्य एव च. नित्यः सर्वगतः स्थाणुरचलोऽयं सनातनः॥” (गीता 2.24)
शरीर और आत्मा के बीच भ्रम कैसे पैदा होता है?
हम जिस मांस, हड्डी, रक्त और चर्म से बने शरीर का अनुभव करते हैं, उसे स्थूल शरीर कहा जाता है. आत्मा कुछ समय तक इसमें निवास करती है, लेकिन ईश्वर की माया के कारण यह भ्रम पैदा हो जाता है कि ‘मैं ही यह शरीर हूं.’ जैसे चलती गाड़ी में बैठकर बाहर के पेड़-पहाड़ चलते हुए प्रतीत होते हैं, वैसे ही आत्मा स्वयं को शरीर मान बैठती है.
मृत्यु और जन्म की वास्तविक प्रक्रिया क्या है?
बुढ़ापे, बीमारी या दुर्घटना के कारण जब आत्मा स्थूल शरीर को छोड़ती है, तो इसे सामान्य भाषा में मृत्यु कहा जाता है. वास्तव में आत्मा शरीर छोड़ने के बाद कुछ समय तक भटकती है और फिर कर्मों के अनुसार नया शरीर धारण करती है. यही प्रक्रिया जन्म कहलाती है. यह नया शरीर मनुष्य, पशु या वनस्पति किसी का भी हो सकता है.
क्या आत्मा बार-बार शरीर बदलती है?
आत्मा अनेक बार शरीर धारण करती और त्यागती है, लेकिन वह स्वयं शरीर नहीं है. जैसे मनुष्य पुराने वस्त्र छोड़कर नए वस्त्र धारण करता है, वैसे ही आत्मा जीर्ण शरीर त्यागकर नया शरीर धारण करती है. “वासांसि जीर्णानि यथा विहाय…” (गीता 2.22). “न जायते म्रियते वा कदाचित्…” (गीता 2.20)
लिंग शरीर और जीवात्मा क्या होते हैं?
जब जीव स्थूल शरीर का त्याग करता है और उससे निकलता है, तब भी उसके पास एक और शरीर रहता है, जिसे लिंग शरीर कहा जाता है. यह लिंग शरीर भी वास्तव में एक प्रकार का शरीर ही है, लेकिन यह भी आत्मा का सत्य या मूल स्वरूप नहीं है. वास्तविक आत्मा किसी भी शरीर के समान नहीं होती. आत्मा सभी प्रकार के शरीरों से सर्वथा अलग और उनसे परे है.
इस प्रकार जीव का एक कारण शरीर भी होता है, जो विशेष रूप से गहरी निद्रा की अवस्था में स्पष्ट रूप से विद्यमान रहता है. किंतु वास्तव में आत्मा न तो कारण शरीर है, न लिंग शरीर है और न ही स्थूल शरीर. आत्मा इन तीनों प्रकार के शरीरों से भिन्न है. वही आत्मा का वास्तविक सच्चिदानन्द स्वरूप है. उसी को केवल आत्मा, शुद्ध आत्मा या परम आत्मतत्त्व कहा जाता है.
जब आत्मा स्वयं को यह मानने लगती है कि “मैं यह स्थूल शरीर हूं”, तब उसे देहात्मा कहा जाता है. और जब स्थूल शरीर का त्याग करने के बाद, अगले स्थूल शरीर को प्राप्त करने तक के मध्यकाल में आत्मा यह सोचती है कि “मैं लिंग शरीर हूं”, तब उसे जीवात्मा कहा जाता है. किंतु इन सभी अवस्थाओं और शरीरों से जो पूर्णतः अलग है, वही सच्ची आत्मा है. वही शुद्ध, निर्मल और सच्चिदानन्द आत्मा है. गीता में भी यही सत्य बताया गया है कि “देही नित्यमवध्योऽयं देहे सर्वस्य भारत.” (गीता 2.30)अर्थात हे भारत! सभी शरीरों में स्थित यह आत्मा नित्य है और अविनाशी है.
30 दृश्य
© 2026 द हिन्दू टुडे. सर्वाधिकार सुरक्षित